जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सकरबासा के गौरव ने मारी बाजी
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के सकरबासा पंचायत के वार्ड दो निवासी गौरव कुमार ने जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 की कुश्ती स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की. गौरव कुमार संतोष राम एवं मुन्नी देवी के पुत्र तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सकरबासा के वर्ग नवम के छात्र हैं. उनकी सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बेगूसराय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में वर्ग छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लिया. प्रतियोगिताओं का आयोजन गांधी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, खेल भवन-सह-व्यायामशाला, कल्याण केंद्र बरौनी टाउनशिप एवं बीपी प्लस टू विद्यालय सहित विभिन्न खेल स्थलों पर किया गया. प्रतियोगिता में कुश्ती के अलावा बास्केटबॉल, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, शतरंज, कराटे, वुशू, बॉक्सिंग और हॉकी सहित कई खेलों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. जिला कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है. आज खेल के क्षेत्र में प्रतिभा के दम पर सम्मान और पहचान हासिल करने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं. विद्यालय के प्राचार्य मायाराम चौधरी ने गौरव कुमार को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी. गौरव की सफलता से सकरबासा पंचायत में भी खुशी है. ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की प्रतिभा, लगन और मेहनत का प्रमाण बताया.


