अवैध खनन पर सख्ती, ड्रोन से निगरानी के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कोयला, बालू और पत्थर के अवैध उत्खनन व परिवहन के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाने तथा दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया।
खनन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए ड्रोन के उपयोग पर जोर दिया गया। साथ ही नाला थाना क्षेत्र के बंद पड़े खदानों में हो रहे अवैध खनन को रोकने हेतु रात्रि में पुलिस बल और सीआईएसएफ के साथ छापेमारी के निर्देश दिए गए। बालू घाटों पर भी सतत निगरानी रखने को कहा गया।
चितरा कोइलरी से जामताड़ा रेलवे साइडिंग मार्ग पर अनावश्यक रूप से खड़े कोयला लदे डंपरों की पहचान कर कार्रवाई करने, वाहनों की टाइम बॉन्डिंग सुनिश्चित करने और फिटनेस जांच कराने के निर्देश दिए गए। कोयला ढुलाई के दौरान वाहनों को तिरपाल से ढकना अनिवार्य किया गया, उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होगी।
बैठक में बताया गया कि अवैध खनिज से जुड़े 88 मामलों में 113 वाहनों की जब्ती, 22 प्राथमिकी दर्ज और 24.32 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।

