कारा सुरक्षा समिति की बैठक, नए जेल हेतु वैकल्पिक स्थल खोजने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व निर्देशों की समीक्षा करते हुए नए जेल निर्माण के लिए प्रस्तावित पाथरचपड़ा स्थल को अनुपयुक्त पाए जाने पर वैकल्पिक जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि जेल निर्माण के लिए लगभग 30 एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
उपायुक्त ने मंडल कारा में बंदियों के लिए नियमित काउंसलिंग एवं मनोवैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बंदियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बैठक में कारा सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, जैमर, सायरन, टेलीफोन बूथ, वॉकी-टॉकी, बैरिकेडिंग और इलेक्ट्रिक फेंसिंग सहित कई बिंदुओं की समीक्षा की गई।
सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कारा में आने-जाने वालों की सघन तलाशी तथा मुलाकातियों द्वारा भेजी जाने वाली सामग्री की कड़ी जांच के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिला एंपावर्ड समिति की बैठक में बताया गया कि वर्तमान में ऐसा कोई मामला लंबित नहीं है, जिसमें जुर्माना न देने के कारण बंदी रिहा नहीं हो सके हों।

