इनोवा कार का हादसा, ट्रेलर से टकराई सरकारी नंबर की गाड़ी, चालक गंभीर घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर–रांची मुख्य मार्ग पर घोड़ानेगी स्थित विनोद बिहारी महतो चौक के पास शनिवार को एक इनोवा कार ट्रेकर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए।
हादसे में शामिल इनोवा कार (नंबर BR 01 PN 1085) पर भारत सरकार अंकित था। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो बिहार के आरा से ओडिशा स्थित जगन्नाथ पुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घायल चालक को एम्बुलेंस की सहायता से जमशेदपुर टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया।
सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।
कार में मौजूद प्रवीण कुमार ने स्वयं को भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), आरा का विकास अधिकारी (डीओ) बताया। हालांकि, पुलिस और मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर वे स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए।
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि भारत सरकार के नाम से पंजीकृत वाहन का व्यक्तिगत उपयोग किस आधार पर किया जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और वाहन के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।


