समाज कल्याण समिति का वन भोज सह विचार गोष्ठी सम्पन्न, सामाजिक कुरीतियों पर हुई सार्थक चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सौरभ कुमार, जादूगोड़ा समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में 31 जनवरी 2026 को ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत पलाशबनी फुटबॉल मैदान में वन भोज सह विचार गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 11 ग्रामों के माझी बाबा शामिल हुए और सामाजिक विषयों पर अपने-अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के निदेशक उदयनाथ मुर्मू ने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि एक ही मंच पर बैठकर सभी सदस्यों और माझी बाबाओं ने समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर संवाद किया, जो इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। सभा की शुरुआत समिति की जोबा टुडू द्वारा की गई। इसके पश्चात प्रमुख सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। समिति के सचिव भादो मांझी ने बैठक के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सामाजिक एकता और जागरूकता पर बल दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता सिद्धेश्वर सरदार एवं श्रीमती बसंती सरदार ने भी अपने विचार रखे और समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित माझी बाबाओं को गमछा उड़ाकर सम्मानित किया गया। विचार गोष्ठी में पेसा नियमावली, डायन प्रथा, बाल विवाह जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। सभी माझी बाबाओं ने इन सामाजिक कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए जागरूकता और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक मजबूत संदेश देकर गया।

