चाईबासा में केंद्रीय जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री के भाई के आवास पर छापेमारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा।केंद्रीय जीएसटी (CGST) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को चाईबासा में छापेमारी शुरू की। जानकारी के अनुसार जीएसटी की टीम पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के भाई विनय ठाकुर के आवास पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि विनय ठाकुर सत्यम बिल्डर्स कंपनी के मालिक हैं।

सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय जीएसटी की टीम दो गाड़ियों में सवार होकर उनके आवास पर पहुंची और कंपनी से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। टीम वित्तीय लेनदेन, कर भुगतान और अन्य जीएसटी संबंधित कागजातों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
हालांकि इस कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छापेमारी की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है। जांच पूरी होने और विभागीय पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

