संस्थापक दिवस: 2 मार्च को जुबली पार्क की रोशनी का उद्घाटन, देश-विदेश में होंगे विविध कार्यक्रम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नूसरवानजी टाटा की जयंती सह संस्थापक दिवस के अवसर पर इस वर्ष जमशेदपुर सहित भारत और विदेशों के उन देशों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां टाटा स्टील के प्लांट संचालित हैं।

संस्थापक दिवस के तहत 2 मार्च की शाम शहर के जुबली पार्क में विशेष विद्युत सज्जा का उद्घाटन टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इस वर्ष पार्क में एक विशेष आकर्षण भी लोगों के लिए तैयार किया जा रहा है, जो उत्सव को और भव्य बनाएगा।
एक लाख फूलों से बनेगी रतन टाटा की भव्य तस्वीर
संस्थापक दिवस के अवसर पर जुबली पार्क में टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय रतन टाटा की 18×22 फीट की विशाल तस्वीर स्थापित की जाएगी। यह तस्वीर केवल अपने आकार के कारण नहीं, बल्कि अपनी अनूठी प्रस्तुति के कारण भी आकर्षण का केंद्र होगी, क्योंकि इसे करीब एक लाख फूलों से तैयार किया जा रहा है।
इस विशेष कलाकृति को आदित्यपुर के कलाकार विवेक मिश्रा द्वारा तैयार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने पिछले वर्ष भी संस्थापक दिवस पर अबीर से एक विशाल पेंटिंग बनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।

3 मार्च को श्रद्धांजलि समारोह
3 मार्च को टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट परिसर में जमशेदजी नुसरवानजी टाटा की प्रतिमा पर चेयरमैन, विभिन्न कंपनियों के प्रबंध निदेशक, प्रतिनिधि, टीम सदस्य एवं यूनियन पदाधिकारी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां चेयरमैन सहित विशिष्ट अतिथि, अधिकारी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी स्थल से चेयरमैन शहरवासियों को संबोधित करेंगे।
यातायात व्यवस्था को देखते हुए नहीं होगी झांकी
टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस चेयरमैन सुंदर रामम ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए इस वर्ष सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत झांकी समारोह आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे लागत कटौती से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
शहर में आकर्षक विद्युत सज्जा
टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ए.के. भटनागर एवं जीएम आर.के. सिंह ने बताया कि जुबली पार्क सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य विद्युत सज्जा की जा रही है, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बनेगा।
3 मार्च से आम लोगों के लिए खुलेगा पार्क
जीएम आर.के. सिंह के अनुसार 2 मार्च को उद्घाटन समारोह के बाद 3 मार्च से जुबली पार्क आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
दर्शक शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक विद्युत सज्जा का आनंद ले सकेंगे।
पार्क में पैदल प्रवेश रहेगा।
रात 10 से 11 बजे तक वाहन से पार्क भ्रमण की अनुमति होगी।
उन्होंने बताया कि 4 मार्च को होली पर्व के कारण पार्क गेट बंद रहेगा, हालांकि विद्युत सज्जा चालू रहेगी ताकि लोग बाहर से भी रोशनी का आनंद ले सकें। प्रेस वार्ता में कॉरपोरेट कम्युनिकेशन हेड राजेश रंजन भी उपस्थित रहे।

