झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी की अहम बैठक सम्पन्न, संगठन को मजबूत करने और योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर बनी रणनीति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 2 जुलाई: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक सीतारामडेरा स्थित आदिवासी एसोसिएशन सभागार में आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के मंत्री रामदास सोरेन, पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद पांडे, विधायक संजीव सरदार एवं पूर्व सांसद समेत सभी प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला, प्रखंड, पंचायत एवं नगर स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करना तथा नगर कमिटी के गठन की दिशा में रणनीति तय करना था। बैठक में यह सहमति बनी कि नई कमिटियों का गठन पूरी पारदर्शिता और कार्यकुशलता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि इन योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिले। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला कमिटी के गठन को लेकर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष का निर्णय सभी के लिए मान्य होगा।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि कमिटी गठन के बाद सभी नेता और कार्यकर्ता जिला के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए तत्परता से काम करेंगे। संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनता से सीधा संवाद पार्टी की प्राथमिकता होगी।

