नशा मुक्ति अभियान का समापन, समाहरणालय से साकची तक निकली मानव श्रृंखला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए गए राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के समापन पर शनिवार को समाहरणालय से साकची गोलचक्कर तक मानव श्रृंखला एवं जागरूकता रैली निकाली गई। उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया तथा सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
रैली में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं आम नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति संबंधी संदेशों वाली तख्तियां और बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया तथा हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
उपायुक्त ने कहा कि नशे की रोकथाम केवल कानून से संभव नहीं है, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त झारखंड और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

