मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर नोडल पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के सफल संचालन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को साकची स्थित रवीन्द्र भवन सभागार में वोटर अवेयरनेस फोरम (वीएएफ) तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के नोडल पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं समयबद्ध गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की प्रविष्टियों का सत्यापन किया जा सके।
प्रशिक्षकों ने कहा कि वोटर अवेयरनेस फोरम एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब निर्वाचन संबंधी जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, सरकारी कर्मियों एवं आम नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र मतदाताओं को नाम जोड़ने, संशोधन कराने और आवश्यक प्रपत्र समय पर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता बैठकें आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह सहित वोटर अवेयरनेस फोरम एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

