रंग बरसे जमशेदपुर 2026: सांस्कृतिक गरिमा और नशामुक्त माहौल में मना होली महोत्सव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर यूथ इवेंट्स द्वारा सीतारामडेरा गुरुद्वारा के निकट तुरी समाज भवन प्रांगण में आयोजित “रंग बरसे जमशेदपुर 2026” कार्यक्रम हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। होली महोत्सव में शहर के युवाओं, महिलाओं एवं कई गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
प्राकृतिक रंगों, सदाबहार होली गीतों और पारंपरिक ठंडाई ने उत्सव की रंगत को और भी खुशनुमा बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायिका श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर लीयो क्लब की सदस्य श्रद्धा, खुशी और स्वाति ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि को गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने तुलसी पौधा, अंगवस्त्र और सम्मान प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में पूर्णिमा साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में बिना अश्लील गीतों के कार्यक्रम आयोजित करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन टीम ने होली की मूल संस्कृति और मर्यादा को बनाए रखते हुए सराहनीय पहल की है। उन्होंने इसे युवाओं के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मौके पर विशिष्ट अतिथि चंचल भाटिया, सेल विला के संचालक अमित कुमार सिंह, राजनी सिंह, बबीता जी, सामाजिक संस्था ‘आरंभ’ से दिव्य सिंह, कुमार कुणाल, श्वेता झा, रामकृष्ण ठाकुर, समाजसेविका मुनमुन चक्रवर्ती तथा तुरी समाज अध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान होली कॉस्ट्यूम एवं डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सेल विला और वुड फर्नीचर की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम से प्राप्त प्रवेश शुल्क की सहायतार्थ राशि गीता थिएटर द्वारा गांधी आश्रम में निवासरत कुष्ठ पीड़ित परिवारों के वंचित बच्चों के लिए आयोजित विशेष समर कैंप को समर्पित की जाएगी। इस कैंप के माध्यम से बच्चों को कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ते हुए सकारात्मक जीवन मूल्यों और नशामुक्ति के प्रति प्रेरित किया जाता है।
कार्यक्रम की सफलता में ई-डिजिटल इंस्टिट्यूट, गीता थिएटर, लीयो क्लब जमशेदपुर, आरंभ संस्था, सेल विला, वुड फर्नीचर, संपूर्ण आश्रय, हिंद आईटीआई और सुंदरम एनजीओ सहित कई संगठनों का सहयोग रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
“रंग बरसे जमशेदपुर 2026” ने यह संदेश दिया कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ भी पूरे उत्साह से मनाया जा सकता है।

