हड़ताल टली है, सवाल अभी बाकी हैं
देवानंद सिंह
बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल का टलना आम ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होतीं तो इसका असर करोड़ों खाताधारकों, व्यापारियों, पेंशनरों और छोटे कारोबारियों पर पड़ता। यही वजह है कि हड़ताल टलने को केवल बैंक कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच समझौते के नजरिए से नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए।
लेकिन यहां एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा होता है क्या हड़ताल टलने का मतलब कर्मचारियों की मांगें मान ली गई हैं? जवाब फिलहाल स्पष्ट रूप से नहीं है।
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित हुई है। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह यानी पांच दिन बैंक खोलने और शनिवार-रविवार अवकाश की मांग पर उच्चस्तरीय समिति बनाकर आगे बातचीत करने की बात कही गई है। इसका अर्थ यही है कि मामला अभी बातचीत की मेज पर है, अंतिम निर्णय तक नहीं पहुंचा है।
यही वह बिंदु है जहां भ्रम पैदा होता है। कर्मचारियों की ओर से पांच डे वर्किंग को लेकर सहमति बनने की खबरें सामने आईं, जबकि सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में अभी कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। ऐसे में हड़ताल स्थगित होने को मांगों की जीत या सरकार की मंजूरी के रूप में प्रचारित करना वास्तविक स्थिति को सरल बनाना होगा।
दरअसल, किसी भी आंदोलन का उद्देश्य केवल दबाव बनाना नहीं, बल्कि समाधान तक पहुंचना होना चाहिए। बैंकिंग जैसी आवश्यक सेवा में यह जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियां, अवकाश और सेवा संबंधी मांगें महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उतना ही महत्वपूर्ण है कि बैंक ग्राहक को लगातार और सुचारु सेवा मिलती रहे। डिजिटल बैंकिंग के विस्तार के बावजूद आज भी बड़ी संख्या में लोग शाखाओं पर निर्भर हैं।
दूसरी ओर, सरकार और बैंक प्रबंधन को भी यह समझना होगा कि हर बार टकराव की स्थिति बनने का इंतजार करना कोई स्थायी समाधान नहीं है। यदि कोई मांग लंबे समय से लंबित है तो उस पर समयबद्ध बातचीत क्यों नहीं हो सकती? पांच दिवसीय कार्य सप्ताह पर भी कर्मचारियों, प्रबंधन, सरकार और ग्राहकों—सभी के हितों को सामने रखकर व्यावहारिक निर्णय लिया जाना चाहिए।
पीएलआई से जुड़े मुद्दों और अन्य लंबित विषयों पर भी बातचीत आगे बढ़ाने की सहमति बनी है। अब जरूरत इस बात की है कि यह बातचीत केवल बैठकों और समितियों तक सीमित न रह जाए। कर्मचारियों को भी अपनी मांगों के औचित्य और उसके व्यापक प्रभाव को स्पष्ट करना होगा तथा प्रबंधन और सरकार को भी निर्णय प्रक्रिया में अनिश्चितता खत्म करनी होगी।
हड़ताल टल गई है, इसलिए फिलहाल ग्राहक राहत की सांस ले सकते हैं। मगर असली समाधान तब होगा, जब हड़ताल टालने के बजाय हड़ताल की जरूरत ही खत्म हो जाए। बातचीत ऐसी हो कि अगली बार बैंक बंद कराने की नौबत न आए और कर्मचारी भी यह महसूस करें कि उनकी जायज मांगों को सुना जा रहा है।
आखिर बैंक केवल कर्मचारियों या सरकार की व्यवस्था नहीं है। यह आम आदमी के पैसे और भरोसे से चलने वाली व्यवस्था है। इस भरोसे को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

