बारीडीह में 30 मार्च को भव्य हिंदू सम्मेलन, जागरण और एकता पर रहेगा जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बारीडीह दुर्गा पूजा मैदान में 30 मार्च को सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में भव्य “हिंदू सम्मेलन” का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य हिंदू समाज में जागरण, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी और समाजसेवी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर चर्चा होगी, साथ ही युवाओं को परंपराओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में पूज्य महंत श्री श्री 1008 डॉ. देवाचार्य जी महाराज का सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होगा, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश चौधरी के अनुसार, सम्मेलन समाज में सकारात्मक बदलाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और लोगों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

