बहरागोड़ा में स्वर्णरेखा किनारे दूसरा बम मिलने से हड़कंप, सेना ने संभाला मोर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपीड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर संदिग्ध बम मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। चार दिन पहले मिले जिंदा मिसाइल बम की जांच के दौरान ही एक और सिलेंडरनुमा संदिग्ध विस्फोटक बरामद हुआ है।

सूचना मिलते ही रांची से भारतीय सेना की विशेष टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बम को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर जांच की जा रही है, वहीं आसपास के क्षेत्र को ड्रोन के जरिए स्कैन किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, यह बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है, जिसे अधिक भार के कारण विमान से गिराया गया था और जो नदी व बालू में दबा रह गया था। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं तथा लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

