बारीडीह निराला पथ छठ घाट पर पहली बार होगी भव्य गंगा आरती, तैयारियां तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बारीडीह स्थित निराला पथ छठ घाट पर इस वर्ष पहली बार भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन छत्रपति जी शिवाजी महाराज युवा संघ के तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसे लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति के संरक्षक आनंद विहार दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि छठ पूजा के प्रथम अर्घ्य के उपरांत बनारस से आए अनुभवी पंडितों द्वारा विधि-विधान के साथ गंगा आरती कराई जाएगी। इसके लिए घाट को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और सभी आवश्यक तैयारियां जोरों पर हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य छठ घाट की धार्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाना तथा श्रद्धालुओं को एक दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।

