पूर्व पार्षद नीतू शर्मा के आवास पर सरकारी योजनाओं का शिविर, वार्ड 17 के लोगों ने उठाया लाभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 17 में पूर्व पार्षद नीतू शर्मा के आवास पर रविवार को एसआईआर (SIR) कैंप एवं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत–आभा कार्ड योजना से संबंधित विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान लोगों की आवश्यक जानकारियां दर्ज की गईं तथा आयुष्मान और आभा कार्ड से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरलता से पूरा किया गया, जिससे खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ने में मदद मिली। कैंप में पहुंचे लोगों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से उन्हें घर के पास ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी इस तरह के कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। शिविर में स्थानीय लोगों का उत्साह देखने लायक था और सभी ने इसे एक सराहनीय पहल बताया।

