मनप्रीत जोड़ी ने जीता शहीदी बैडमिंटन डबल्स सीनियर वर्ग का खिताब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।शहीदी सप्ताह को समर्पित शहीदी बैडमिंटन “डबल्स” प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग का खिताब मनप्रीत मांडला और मनप्रीत भाटिया की जोड़ी ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में मनप्रीत जोड़ी ने तेजपाल सिंह और सुखमीत सिंह की जोड़ी को सीधे सेटों में 15-9, 15-11 से पराजित किया।
गुरु नानक हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग में प्रभनूर सिंह–जोरावर सिंह, जूनियर वर्ग में गुरकरण सिंह–इशपाल सिंह तथा मास्टर्स वर्ग में गुरनाम सिंह–जगजीत सिंह की जोड़ी विजेता रही। प्रतियोगिता में 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू और विशिष्ट अतिथि साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मथारू ने खिलाड़ियों को देश का भविष्य बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन बहादर खालसा गतका ग्रुप साकची एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मंच संचालन परमजीत सिंह काले ने किया। आयोजन को सफल बनाने में गुरप्रीत सिंह प्रिंस, मनमीत सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

