गोलमुरी पुलिस का बड़ा खुलासा: 29 टन गबन किया गया सरिया बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की गोलमुरी थाना पुलिस ने गबन के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए करीब 29 टन सरिया बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने वाहन मालिक, चालक और सरिया खरीदने वाले दुकानदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद सरिया की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गोलमुरी थाना कांड संख्या 49/2026 के तहत 22 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि वाहन संख्या CG15CZ-2138 के मालिक और चालक ने परिवहन के दौरान जीएसटी एवं चालान से संबंधित माल का गबन कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच, गुप्त सूचना और छापेमारी के आधार पर 11 मई को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बलवंत कुमार यादव (वाहन मालिक), सुमंत कुमार (वाहन चालक) और गुड्डू कुमार यादव (सरिया खरीदने वाला दुकानदार) शामिल हैं।
पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर 540 बंडल सरिया, जिसका वजन लगभग 29 टन है, बरामद किया। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने माल को तय गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय आपसी मिलीभगत से उसे बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और क्या इससे पहले भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक राज रोशन सिन्हा, इन्द्रदेव राम, रफीक आलम और झारखंड पुलिस के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में माल गबन, अवैध खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

