जामताड़ा में मां पार्वती की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, लोगों में भारी आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा शहर के गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में स्थापित मां पार्वती की प्रतिमा को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 7 बजे जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्होंने देखा कि मां पार्वती की प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में है। प्रतिमा के दोनों तरफ गहरे चोट के निशान पाए गए, जिससे लोगों को आशंका है कि किसी ने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया है। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
स्थानीय निवासी श्याम देव चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है, उससे साफ प्रतीत होता है कि यह किसी शरारती तत्व की सोची-समझी हरकत है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा के दाएं और बाएं दोनों तरफ गंभीर चोट के निशान हैं। यदि प्रशासन जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करता है तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
लोगों का कहना है कि जिले में लगातार इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इससे पहले भी जामताड़ा के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में लाखों रुपये की चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इसी कारण लोगों में पहले से ही नाराजगी बनी हुई थी और अब प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की घटना ने लोगों के गुस्से को और बढ़ा दिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी बी. एस. पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है तथा जल्द ही घटना को अंजाम देने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

