सौर सिंचाई से खेती को दें नई उड़ान, योजनाओं का लाभ उठाएं किसान : जोबा माझी
*मनोहरपुर में 11 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर मिले सोलर पंप सेट*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
खेती को लाभकारी बनाने और सिंचाई की समस्या दूर करने की दिशा में शनिवार को मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में 11 किसानों के बीच 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट वितरित किए गए। किसान समृद्धि योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने किसानों को पंप सेट सौंपते हुए कृषि कार्यों से जुड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सांसद ने कहा कि मनोहरपुर क्षेत्र में खेती की बेहतर संभावनाएं हैं। सोलर पंप से सिंचाई सुविधा मजबूत होगी और किसानों को खेती में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को वितरण का लक्ष्य बढ़ाने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक किसान लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।
लाभुकों में सुगड़ सलीम चेरवा, नादो चेरवा, अजीत चेरवा, विश्राम चेरवा, प्रतिमा महतो, गंगाराम तिर्की, छगन लाल महतो, सोनाराम तिर्की, राजेश महतो, मोहन कुम्हार और मेजरीन सिंदरी शामिल हैं। एजेंसी प्रतिनिधियों ने किसानों को पंप के संचालन की जानकारी दी।
मौके पर बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, उप प्रमुख दीपक एक्का, मुखिया पूजा कुजूर, अशोक बांदा, बीटीएम, बंदना उरांव, चंचल रवानी, विक्रम सिंह, अजहर अली, मोहम्मद उमर सहित किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।

