फंदे से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव
*यशपुर निवासी राजेश महतो मौसी के घर रह रहा था, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के श्रीडुंगरी में करीब 20 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गम्हरिया प्रखंड के यशपुर गांव निवासी राजेश महतो के रूप में हुई है। वह श्रीडुंगरी स्थित अपनी मौसी के घर रह रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के सदस्य बाहर गए हुए थे। उनके वापस लौटने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। घटना से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।

