घाटशिला उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चंद्र मांझी ने की सभा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में सत्ताधारी जेएमएम और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जनता के बीच सक्रिय हैं।
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चंद्र मांझी पहुंचे और जनता को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व झारखंड आंदोलनकारी चंपाई सोरेन भी मंच पर मौजूद थे।
नेताओं ने मंच से झारखंड सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।
मोहन चंद्र मांझी ने कहा कि “ओड़िशा में डबल इंजन की सरकार से विकास तेजी से हो रहा है, जबकि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद बेरोजगारी और अव्यवस्था से जूझ रहा है।”
उन्होंने दावा किया कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित है और घाटशिला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है।
गौरतलब है कि यह उपचुनाव स्व. रामदास सोरेन के निधन के कारण हो रहा है। जेएमएम ने उनके पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाया है।

