
अगरतला, 11 नवंबर (भाषा) त्रिपुरा के पांच नगर निकायों की 77 सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राज्य के 21 नगर निकायों की 345 सीट के लिए 27 नवंबर को होने वाले चुनाव के वास्ते नामांकन दाखिल करने की समयसीमा सात नवंबर को समाप्त हो गई थी। इनमें अगरतला नगर निगम भी शामिल है। नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को की गई।
अब 268 सीट पर मतदान होगा, जहां भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) पी के चक्रवर्ती ने बताया कि नगर निकायों की 268 सीट के लिए कुल 810 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान 27 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने सबसे अधिक 342 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि माकपा के 218 और कांग्रेस के 201 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा ने मोहनपुर, कमालपुर, जिरानिया, रानीरबाजार और शांतिरबाजार के पांच नगर निकायों की 77 सीट पर निर्विरोध जीत दर्ज की है।
चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘नामांकन वापस लेने के लिए जबरन दबाव डालने के आरोपों के बाद हमने धलाई के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी थी। जमीनी रिपोर्ट से पता चलता है कि अंबासा या धलाई जिले के किसी अन्य स्थान पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई।’’
हालांकि, माकपा के प्रदेश सचिव जितेंद्र चौधरी ने दावा किया कि अंबासा में पार्टी के उम्मीदवारों को मंगलवार को धमकियों, डराने-धमकाने और उनके आवासों पर हमलों के बाद नामांकन वापस लेने के लिए मजबूर किया गया।

