सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी : जालसाज प्रसन्नजीत नाहा गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कदमा थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और जालसाजी करने वाले मुख्य आरोपी प्रसन्नजीत नाहा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसकी जानकारी मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।

आरोपी पर आरोप है कि उसने खनन विभाग, आयकर विभाग और कृषि विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर कुल 9 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एचपी कंपनी का लैपटॉप, फर्जी ऑफर लेटर, विभिन्न विभागों की नकली सरकारी मुहरें और उम्मीदवारों की मार्कशीट बरामद कीं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी कई उम्मीदवारों से फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी कर चुका है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

