बिंदल मॉल फायरिंग मामले में चार कथित साजिशकर्ता गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस की एसआईटी ने चार कथित साजिशकर्ताओं को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह निवासी टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और सिदगोड़ा निवासी दीपू ओझा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी दो वाहनों से जमशेदपुर से फरार हुए थे। रास्ते में एक वाहन खराब होने के बाद सभी दूसरे वाहन से रायपुर की ओर बढ़ रहे थे। तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस कर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर चारों को पकड़ा।
जांच में चारों की भूमिका कथित साजिश में सामने आने की बात कही जा रही है, जबकि रेस्टोरेंट में घुसकर गोली चलाने वाले प्रत्यक्ष शूटरों में इनके शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य शूटरों, हथियार और पूरी साजिश की जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि 26 सितंबर को हुई फायरिंग में करीब 11 राउंड गोली चलने की बात सामने आई थी, जिसमें डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। एसआईटी अब मुख्य शूटरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

