रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित आशियाना रोड में भाजपा नेता सपन दास के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज कांड में शामिल तीन अपराधियों को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानू, राजू उर्फ टकला और चंदन गोराई के रूप में हुई है। पुलिस की गहन पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि अपराधियों की मुख्य मंशा इलाके में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना थी। इस घटना के जरिए क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की साजिश रची गई थी। हालांकि, पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई से पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

