घर में घुसी महिला चोर रंगे हाथ पकड़ी गई, जुगसलाई में हड़कंप, पुलिस कर रही गिरोह कनेक्शन की जांच
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित काली स्थान रोड में उस समय हड़कंप मच गया, जब राजा सिंह के मकान में चोरी की नीयत से घुसी एक अज्ञात महिला को घरवालों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। मिली जानकारी के अनुसार महिला चुपके से घर में प्रवेश कर सामान चोरी करने की कोशिश कर रही थी, तभी घर के सदस्यों की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद शोर-शराबा मच गया, जिससे आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और महिला को पकड़ लिया गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह अकेले इस वारदात को अंजाम देने आई थी या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

