कारा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर, घाघीडीह जेल की पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कारा सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची और उपकारा घाटशिला की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना तथा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय कारा घाघीडीह में पेयजल समस्या और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारा परिसरों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ सुरक्षा व्यवस्था को हर स्तर पर मजबूत बनाए रखना आवश्यक है।
उपायुक्त ने जेल परिसरों की निगरानी व्यवस्था, वॉच टावरों की सक्रियता, नियमित पेट्रोलिंग, औचक निरीक्षण और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कारा सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता कैदियों की सुरक्षा, जेलों में अनुशासन और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि कारा प्रबंधन प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
बैठक में रूरल एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, डीटीओ, एसडीओ धालभूम, एसडीपीओ घाटशिला, डीएसपी मुख्यालय, कारा अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

