किसानों और बाजार के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर, आम की आपूर्ति पर विशेष चर्चा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: किसानों, एफपीओ और बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं वनोपज उत्पादों की खरीद और विपणन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें एफपीओ प्रतिनिधियों और खरीदारों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिले में उपलब्ध उत्पादों, विशेषकर आम की संभावित आपूर्ति पर विशेष फोकस किया गया। खरीदारों ने गुणवत्ता मानकों, सैंपल परीक्षण और निर्यात के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की। अम्रपाली और मालदा जैसी आम की किस्मों की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए किसानों को कटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग के बेहतर तरीकों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशासन ने निर्देश दिया कि एफपीओ के माध्यम से उत्पादों का अधिकाधिक संग्रहण किया जाए और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खरीदारों और एफपीओ के बीच गुणवत्ता मानकों को पहले से तय करने और सैंपल परीक्षण के बाद दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते की दिशा में पहल करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा सप्लाई चेन और कलेक्शन सिस्टम को मजबूत करने तथा बड़े बाजारों और रिटेल नेटवर्क से जुड़ाव बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय किसानों को व्यापक बाजार और बेहतर अवसर मिल सकें।

