मेगा ब्लड डोनेशन कैंप की तैयारी, अधिक सहभागिता पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: आगामी मेगा ब्लड डोनेशन कैंप के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में 8 मई को सदर अस्पताल परिसर में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि इस तरह के नियमित रक्तदान शिविरों से जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी। साथ ही वर्तमान ब्लड सेंटर की स्थिति की समीक्षा करते हुए इसे और बेहतर एवं अत्याधुनिक बनाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविर के आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य में भाग लें। सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों को भी सक्रिय रूप से जोड़ने पर जोर दिया गया।
प्रशासन ने कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि यह कई जिंदगियों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि यह आयोजन प्रभावी और सफल हो सके।

