शिक्षा विभाग की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और सुधार पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में विद्यालयों की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता और पठन-पाठन की गुणवत्ता का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में जिले के सभी स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया।
छात्रों को समय पर निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और नोटबुक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी छात्र बुनियादी संसाधनों से वंचित न रहे। साथ ही साइकिल वितरण जैसी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा कर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया।
बैठक में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करते हुए अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन पर चिंता जताई गई। इसके कारणों की समीक्षा कर संबंधित शिक्षकों की जवाबदेही तय करने और आवश्यकता अनुसार बदलाव करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए ठोस रणनीति अपनाने और इन विद्यालयों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
इसके अलावा फीस से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए फीस रेगुलेटरी कमेटी की बैठक शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।

