अनियंत्रित ट्रेलर से बिजली खम्बा क्षतिग्रस्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
हाता-हल्दीपोखर मुख्य मार्ग पर चांपीडीह के समीप मंगलवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ओडिशा से जमशेदपुर की ओर जा रहा आयरन स्टोन लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बाउंड्री वाल को तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा। दुर्घटना में ट्रेलर की चपेट में आने से बिजली का पोल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों में करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बताया गया कि ट्रेलर की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की वजह से क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व हाता चौक के समीप भी विपरीत दिशा से आ रहे दो ट्रकों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से हाता-हल्दीपोखर मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

