- कार हटाने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट और हंगामा; थाने में शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के त्रिपुरारी कॉलोनी रोड नंबर-2 स्थित मांझी टोला में रास्ते से कार हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की ओर से आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
एक पक्ष के अमन कुमार सिंह ने पड़ोसी शंकर प्रसाद सिंह, राजेश कुमार सिंह, प्रमोद सिंह और 10-15 अज्ञात लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट तथा घर का गेट तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, 20 नवंबर की रात करीब आठ बजे अमन कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में शंकर प्रसाद सिंह की कार खड़ी थी। साइड मांगने पर विवाद शुरू हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन की मां, बहन और भाई के साथ भी धक्का-मुक्की व मारपीट किए जाने का आरोप है। इसमें उनकी छोटी बहन की दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई।
अमन का आरोप है कि बाद में 4-5 वाहनों से पहुंचे 10-15 लोगों ने उनके घर का गेट तोड़ने का प्रयास किया। सूचना पर उनके पिता और पुलिस मौके पर पहुंचे। अमन ने निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। दूसरे पक्ष ने भी थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

