जर्जर सड़क से खतरे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
आसनमनी के डोडका साईं स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल तक जाने वाली सड़क जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढों और बरसात में कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल में सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं, जबकि करीब 100 बच्चे छात्रावास में रहते हैं। अभिभावकों को हर दिन बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की चिंता सताती है। सड़क की बदहाली के कारण स्कूली बस भी कई बार दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची है।
स्कूल के दिवंगत निदेशक सुनील सिंह ने सड़क निर्माण के लिए विधायक से लेकर जिला परिषद तक कई बार गुहार लगाई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब नए प्रबंधन के तहत उनके पुत्र राज आर्यन ने भी सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से निर्माण की मांग की है।
प्रबंधन के अनुसार, जर्जर सड़क का असर स्कूल के विकास पर भी पड़ रहा है। बेहतर पढ़ाई के बावजूद कई अभिभावक सड़क की स्थिति के कारण बच्चों का दाखिला कराने से पीछे हट रहे हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ स्कूल का विकास भी बाधित न हो।

