
गम्हरिया अंचल में पांचवीं बैठक के साथ आज आयोजित होगी चुनाव पाठशाला
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
मतदाता सूची से जुड़ी सत्यापन प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार को गम्हरिया प्रखंड और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की यह पांचवीं बैठक होगी, जिसके साथ चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा।
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रपत्र-2 में दर्ज नोटिस तथा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर चुके मतदाताओं की नामवार सूची का प्रकाशन और उसका वाचन करना है। मतदान केंद्रों पर संबंधित सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इसके बाद बीएलओ सूची को अपने रजिस्टर में विधिवत संधारित करेंगे।
अंचल अधिकारी ने बताया कि बैठक के आयोजन और निर्धारित कार्यों के निष्पादन को लेकर सभी बीएलओ तथा पर्यवेक्षकों को लिखित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर सूची प्रकाशन, वाचन और अभिलेख संधारण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।

