चांडिल अंचल प्रशासन की अनदेखी से आसानबनी में पुराना NH-33 बना अतिक्रमण , ग्रामीणों में रोष
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल अंचल क्षेत्र अंतर्गत आसानबनी पंचायत के फदलोगोड़ा में पुराने एनएच-33 की भूमि पर तेजी से अतिक्रमण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की उदासीनता का फायदा उठाकर दबंगों द्वारा सरकारी भूमि पर पक्का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जमशेदपुर के कथित इमरान नामक व्यक्ति द्वारा “झारखंड वाहन वॉशिंग सेंटर” के लिए चहारदीवारी खड़ी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब वाहन नहीं चलते, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग सरकारी संपत्ति पर कब्जा जमाने में लगे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से लगातार पुरानी एनएच-33 भूमि पर दीवार निर्माण का कार्य जारी है, लेकिन न तो पुलिस प्रशासन और न ही अंचल कार्यालय की ओर से कोई कार्रवाई की गई है। इससे दबंगों के हौसले और बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।
इस संबंध में जब अंचल अधिकारी प्रदीप महतो से दूरभाष पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि “मामला संज्ञान में नहीं है, देखते हैं।” अधिकारी की इस प्रतिक्रिया से ग्रामीणों में नाराजगी और अधिक बढ़ गई है। उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही से सरकारी भूमि को बचाना मुश्किल होता जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर अतिक्रमण रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

