प्रखंडों में लगेंगे ड्राइविंग लाइसेंस शिविर
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिला के निवासियों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में सुविधा देने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 18 सितंबर से 11 दिसंबर तक सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाए जाएंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य शमाड ने शिविरों का कार्यक्रम जारी किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 सितंबर को चांडिल, 25 सितंबर को ईचागढ़, 9 अक्टूबर को कुकड़ू, 23 अक्टूबर को नीमडीह, 30 अक्टूबर को सरायकेला, 20 नवंबर को राजनगर, 27 नवंबर को खरसावां, 4 दिसंबर को कुचाई तथा 11 दिसंबर को गम्हरिया प्रखंड में शिविर आयोजित होगा।
शिविर में लर्नर लाइसेंस प्राप्त आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट लेने के साथ स्लॉट बुकिंग एवं लाइसेंस निर्गमन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदकों को सारथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित तिथि का स्लॉट बुक करना होगा। शिविर में आवेदन की हार्ड कॉपी और आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। दोपहिया वाहन के टेस्ट के लिए हेलमेट सहित वाहन तथा चारपहिया के लिए एलएमवी वाहन लाना होगा। विभाग ने आवेदकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की है।

