बागबेड़ा कॉलोनी में डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा शुरू, लोगों ने फूल बरसाकर किया स्वागत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पोटका के विधायक संजीव सरदार की पहल पर बागबेड़ा कॉलोनी में घर-घर कचरा उठाव सेवा का शुभारंभ किया गया। हिल टॉप स्कूल के पास नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर कचरा वाहन को रवाना किया गया, जबकि स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर खुशी जताई।
अभियान के तहत रोड नंबर 1 से 6 तक घर-घर से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित किया गया। यह सेवा अब प्रतिदिन संचालित होगी, जिससे कॉलोनी में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और निवासियों ने इसे स्थायी समाधान बताते हुए विधायक के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

