रंभा कॉलेज में 12 दिवसीय माइक्रो टीचिंग कार्यशाला शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में भावी शिक्षकों के शिक्षण कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से 12 दिवसीय माइक्रो टीचिंग कार्यशाला शुरू हुई। 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलने वाली इस कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार दुबे ने बीएड छात्र-शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सूक्ष्म शिक्षण प्रशिक्षुओं को कुशल और प्रभावी शिक्षक बनने में मदद करता है। कार्यशाला की संयोजिका डॉ. सुमन लता ने सूक्ष्म शिक्षण की अवधारणा, सिद्धांतों और इसकी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अनुदेशात्मक उद्देश्यों के लेखन की विधि समझाई तथा छात्रों को अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में प्रतिदिन अलग-अलग शिक्षण कौशलों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें डॉ. सुमन लता, डॉ. भूपेश चंद, डॉ. गंगा भोला, डॉ. रश्मि लुगुन, डॉ. दिनेश कुमार यादव, डॉ. सतीश चंद्र, शीतल कुमारी, अमृता सुरेन और मंजू गागराई प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर बीएड और डीएलएड विभाग के प्राध्यापक एवं छात्र-शिक्षक उपस्थित थे।

