*बैंकों की सुरक्षा जांचने निकले डीएसपी, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
शहर में बढ़ती चोरी और आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी है। डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में परसुडीह थाना क्षेत्र के केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन बैंक शाखाओं का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग अवधि, फुटेज की गुणवत्ता और सुरक्षा अलार्म की जांच की गई। साथ ही बैंक भवन, लॉकर कक्ष और सुरक्षा गार्डों की मुस्तैदी का भी जायजा लिया गया।
डीएसपी ने बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों के पालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में खामी मिलने पर संबंधित बैंक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान परसुडीह थाना प्रभारी राजेश मुंडा और रितेश कुमार भी मौजूद थे।

