जामताड़ा में जिला स्तरीय पुस्तक मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जेबीसी प्लस टू विद्यालय में जिला स्तरीय पुस्तक मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रवि आनंद, परियोजना निदेशक जुगनू मिंज और जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेम्ब्रम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को शॉल, पौधा और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के स्वागत गीत और नृत्य से हुई। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक और लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पुस्तक मेला भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां शैक्षणिक और प्रेरणादायक पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों को कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा तथा डिजिटल लाइब्रेरी की भी शुरुआत की जाएगी।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कस्तूरबा नारायणपुर की टीम प्रथम, बिंदापाथर की टीम द्वितीय और कस्तूरबा नाला की टीम तृतीय रही, जिन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

