जनहित मुद्दों पर जिला कांग्रेस ने उपायुक्त से की मुलाकात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में जनहित की सात सूत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर कांग्रेस का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के नेतृत्व में जिला अपर उपायुक्त भागीरथ प्रसाद से मिला।

जिलाध्यक्ष दुबे ने बताया कि दक्षिण छोटागोविन्दपुर पंचायत में सुभाष नगर, खाखडीपाड़ा, पहाड़ी नाला निर्माण तथा पेवर ब्लॉक द्वारा 50 मीटर सड़क निर्माण कार्य जरूरी है। इसी तरह मुसाबनी प्रखंड के चापड़ी गाँव में सिंचाई नाला निर्माण से किसानों को लाभ मिलेगा। अनुसूचित जाति/जनजाति एवं भूमिहीन लोगों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने जुस्को से नए पानी कनेक्शन की सुविधा बहाल करने, मुसाबनी क्षेत्र में बालू की किल्लत दूर करने, भुइयाडीह क्षेत्र में बड़े वाहनों की पार्किंग समस्या हल करने और चाकुलिया बिरसा चौक के समीप सड़क पर लगे बिजली पोल को हटाने की मांग रखी।

अपर उपायुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के साथ उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, अवधेश कुमार सिंह, संजय सिंह आजाद, शमशेर खान, रेयाज खान, नलिनी सिन्हा, जोगिंदर सिंह राठौर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।

