गेड़िया में जनसमस्याओं पर चर्चा, उच्च विद्यालय को +2 करने की मांग
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड के अंतर्गत ग्राम गेड़िया में विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने सक्रिय कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा से जुड़ी अहम मांग उठाते हुए बताया कि गांव के उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन +2 की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने विद्यालय को +2 में उत्क्रमित करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी। इस पर रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि इस विद्यालय की स्थापना उनके प्रयासों से ही हुई थी और अब इसे +2 स्तर तक उन्नत करने के लिए भी जल्द पहल की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के विकास के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।
बैठक में बासुदेव हांसदा, सौरव रॉय, विधान गोस्वामी, मुकेश मंडल, तीर्थनाथ सिंह, कृष्णकांत सिंह, मदन भंडारी, अनित सिंह, अष्टम महतो, साधन मंडल, डोमन हेम्ब्रम, रंजीत किस्कू और अजित सोरेन सहित कई लोग उपस्थित रहे।

