
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची/जमशेदपुर। धनबाद स्थित खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) की कार्यप्रणाली पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरटीआई के तहत खदानों की सुरक्षा से जुड़े छह महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मांगी गई जानकारी के जवाब में महानिदेशालय ने हर बार कहा कि सूचना कार्यालय में उपलब्ध नहीं है।
दामोदर बचाओ आंदोलन के वरीय सलाहकार एवं अधिवक्ता विजय कुमार झा ने वर्ष 2010 से 25 अगस्त 2026 तक की अवधि में असुरक्षित घोषित खदानों, निरीक्षण रिपोर्ट, सुरक्षा संबंधी निर्देश, सुधारात्मक कार्रवाई और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रबंधन पर की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा था। लेकिन सभी छह सवालों पर एक जैसा जवाब मिला।
सरयू राय ने कहा कि खदानों की सुरक्षा, श्रमिकों की जान की हिफाजत और अवैध खनन पर निगरानी डीजीएमएस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके बावजूद धनबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में भू-धंसान, बंद खदानों से अवैध खनन और नदियों के अस्तित्व से खिलवाड़ की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं दिख रही है।
उन्होंने दामोदर, जमुनिया और कतरी नदियों में अवैध खनन का मुद्दा भी उठाया। सरयू राय ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री से डीजीएमएस तथा केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि महानिदेशालय अपने बुनियादी दायित्वों से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं करा सकता, तो उसकी उपयोगिता पर पुनर्विचार करते हुए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

