जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, कई मामलों का त्वरित समाधान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस अवसर पर भूमि विवाद व अतिक्रमण, मंइयां सम्मान योजना का लाभ, दुकान आवंटन, राशन, रोजगार, पेंशन भुगतान, सड़क, पारिवारिक विवाद, स्कूल फीस तथा लंबित विपत्र भुगतान से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया तथा बताया कि विभागीय समीक्षा के दौरान इन आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

