राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास तथा विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि कई विद्यार्थियों के पास बैंक खाता, आधार पंजीकरण और जन्म प्रमाण पत्र नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने विशेष रूप से मुसाबनी और चाकुलिया प्रखंड में बैंक, शिक्षा विभाग और प्रखंड प्रशासन के समन्वय से विशेष शिविर आयोजित कर बच्चों का बैंक खाता खुलवाने, आधार पंजीकरण और जन्म प्रमाण पत्र बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने शिक्षा विभाग के कनीय अभियंताओं को विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास और जीर्णोद्धार से संबंधित योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित फील्ड विजिट करने को कहा। अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए चेतावनी देते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की बात कही।
उपायुक्त ने शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति को विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने, मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, पोशाक और पुस्तक वितरण तथा सेंट्रलाइज्ड मिड-डे मील किचन के दायरे को बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय सहित सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।

