राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार कार ने तीन साल के मासूम बच्चे को कुचल दिया। यह दर्दनाक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार कार की चपेट में आने के बाद बच्चे के ऊपर से कार का आगे और पीछे दोनों पहिया गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चे को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल बच्चे की पहचान तीन वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।

