राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लगातार हुई बारिश के कारण खरकई एवं स्वर्णरेखा नदियों का जलस्तर बढ़ने और जिले के विभिन्न इलाकों में जलजमाव की स्थिति को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी के बाद तत्काल राहत, सफाई एवं पुनर्स्थापन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को बारिश एवं बढ़े जलस्तर से क्षतिग्रस्त सड़क, पुल-पुलिया और संपर्क पथों का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे स्थानों को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहां संपर्क पथ क्षतिग्रस्त होने से बच्चों के स्कूल जाने अथवा मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो सकती है।
उपायुक्त ने पुल-पुलिया पर जमा मलबे एवं अन्य अवरोधों की तत्काल सफाई कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था सुचारू रखने को कहा। पानी उतर चुके क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संक्रमण एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम हो सके।
उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि बारिश या आपदा के कारण जिन लोगों के मकान गिर गए हैं, उनका तत्काल प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए, ताकि नियमानुसार उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा सके।
वहीं, नेशनल हाईवे पर बारिश से बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त संपर्क पथों को चिन्हित कर तत्काल मरम्मतीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराने का निर्देश एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों को दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जाबिर पुल के पुनर्निर्माण की डीपीआर तैयार
मानगो स्थित जाबिर पुल के बारिश में डूबने और आवागमन प्रभावित होने की सूचना मिलने पर उपायुक्त के निर्देश पर संबंधित अभियंताओं ने स्थल निरीक्षण कर तकनीकी जांच की। जांच के बाद पुल के पुनर्निर्माण की डीपीआर तैयार कर ली गई है। योजना के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

