*विकाश की पोल खोलती व्यवस्था*
संजय शर्मा
चांडिल। विकास के दावों के बीच
चांडिल प्रखंड अंतर्गत सालगाड़ीह और करनीडीह गांव की तस्वीर प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल रही है। आज भी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को कच्ची सड़क और उफनते नाले को पार कर आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में यह रास्ता किसी बड़े हादसे को न्योता देता नजर आता है।
ग्रामीणों के अनुसार सालगाड़ीह से करनीडीह जाने वाले मार्ग में करीब 200 मीटर सड़क अब भी कच्ची है। रास्ते के बीच लगभग 50 फीट चौड़ा सरकारी नाला पड़ता है, जिस पर आज तक पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। नाले में चार से पांच फीट तक पानी का बहाव होने के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी उत्क्रमित मध्य विद्यालय जाने वाले बच्चों को हो रही है। बारिश के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ने से बच्चों के स्कूल आने-जाने पर संकट खड़ा हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सालगाड़ीह से करनीडीह तक पक्की सड़क निर्माण कराने तथा नाले पर पुलिया बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
आखिर किसी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहा है प्रशासन?

