*साजिद खान उर्फ मुन्ना खान के घर से सिगरेट, कॉस्मेटिक सामान व 19,336 रुपये नकद बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता सरायकेला
सरायकेला बाजार की विभिन्न दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। सरायकेला थाना कांड संख्या 75/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 के मामले में पुलिस ने साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से चोरी से संबंधित विभिन्न सामान और नकद राशि बरामद की है। इसकी जानकारी पुलिस ने प्रेसवार्ता में दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के घर से विभिन्न ब्रांड के करीब 160 पैकेट सिगरेट, विभिन्न प्रकार के तेल पैक और कुल 19336 रुपये नकद बरामद किया गया। इसके साथ ही चांदी जैसे दिखने वाले आठ सिक्के, एक पावर प्लास और एक नोज प्लास भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। बाजार में लगातार हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस की कार्रवाई से दुकानदारों में राहत की स्थिति है।

